नाजायज़ रिश्ते का खूनी खेल: मामी के प्यार में अंधा भांजा, मामा को उतारा मौत के घाट

  • नाजायज़ रिश्ते का खूनी खेल: मामी के प्यार में अंधा भांजा, मामा को उतारा मौत के घाट

मध्यप्रदेश: हरदा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मामी के साथ अवैध संबंधों में बाधा बन रहे मामा की भांजे ने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी। यह पूरी घटना 14 अप्रैल की रात की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक विश्राम गाठे (निवासी रनहाईकला) की हत्या पहले एक सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी। लेकिन जब उनके बेटे कन्हैया गाठे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, तब मामला पूरी तरह पलट गया और हत्या का खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी क्षमाबाई और उसके भांजे अजय बिल्लौरे के बीच पिछले करीब 6 साल से प्रेम संबंध था। अजय का घर में लगातार आना-जाना था और इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। जब मामा को इस रिश्ते की भनक लगी, तो वह इसका विरोध करने लगे, जिससे तनाव बढ़ता गया।
घटना की रात विश्राम गाठे खेत पर पानी देने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान भांजे अजय और उसके साथी सचिन निषोद ने उनका पीछा किया। खलिहान के पास मौका मिलते ही दोनों ने उन्हें रोक लिया और लोहे के हथौड़े से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने इसे एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की और मौके से फरार हो गए।
बेटे की शिकायत और पुलिस की जांच के बाद सच्चाई सामने आई। पूछताछ में आरोपी भांजे ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि मामा उनके संबंधों में बाधा बन रहे थे, इसलिए उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची गई थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजय बिल्लौरे और उसके साथी सचिन निषोद को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार और मोटरसाइकिल की बरामदगी की प्रक्रिया जारी है। वहीं, मृतक की पत्नी की भूमिका भी जांच के दायरे में है—यदि संलिप्तता पाई जाती है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि यह ब्लाइंड मर्डर केस था, जिसे महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Comment