हरसिद्धि में हत्या के प्रयास में फरार 4 आरोपियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर पर इश्तहार चस्पा, नहीं किया सरेंडर तो होगी कुर्की-जप्ती

  • हत्या के प्रयास में फरार चार आरोपियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर पर इश्तहार चस्पा, नहीं किया सरेंडर तो होगी कुर्की-जप्ती

 

हरसिद्धि: थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को बैरियाडीह पंचायत के बभन धवई गांव में पुलिस टीम ने पहुंचकर आरोपियों के घर कुर्की-जप्ती की पूर्व प्रक्रिया के तहत इश्तहार चस्पा किया। यह कार्रवाई हरसिद्धि थाना कांड संख्या 774/25 के तहत न्यायालय के निर्देश पर की गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले में आरोपी जालिम सहनी, विनोद सहनी (दोनों पिता–पन्नालाल सहनी) तथा रितेश सहनी और जितेश सहनी (दोनों पिता–जालिम सहनी) घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों की तलाश में कई बार छापेमारी की गई, लेकिन वे गिरफ्त से बाहर हैं, जिसके बाद न्यायालय से आदेश प्राप्त कर इश्तहार चस्पा करने की कार्रवाई की गई।
अपर थानाध्यक्ष राजेश सिंह के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बल के साथ गांव में पहुंची टीम ने विधिवत प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपियों के घरों पर इश्तहार चस्पा किया और मुनादी कराते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की जाएगी, जिसमें संपत्ति जब्त कर ली जाएगी।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई कानून के तहत की गई है और फरार आरोपियों को हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
इश्तहार चस्पा होते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से यह साफ संकेत दिया गया है कि गंभीर आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून से बचना अब उनके लिए मुश्किल होगा।

Leave a Comment