हरसिद्धि में ‘वर्दी’ पर दाग: युवती कांड में दारोगा अंजलि कुमारी सस्पेंड, रिश्वत और लापरवाही के आरोप से मचा हड़कंप

  • हरसिद्धि में ‘वर्दी’ पर दाग: युवती कांड में दारोगा अंजलि कुमारी सस्पेंड, रिश्वत और लापरवाही  के आरोप से मचा हड़कंप

 

पूर्वी चंपारण: हरसिद्धि थाना क्षेत्र में युवती बरामदगी कांड को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। इस मामले में हरसिद्धि थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर अंजलि कुमारी (2019 बैच) को गंभीर अनियमितताओं के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार द्वारा की गई, जिनकी प्रारंभिक रिपोर्ट में कर्तव्यहीनता और लापरवाही के कई अहम बिंदु उजागर हुए हैं।
घटनाक्रम के अनुसार, हरसिद्धि थाना क्षेत्र से एक युवती की बरामदगी हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर अंजलि कुमारी के पास थी। नियमानुसार युवती को तत्काल बालिका गृह भेजा जाना चाहिए था, लेकिन आरोप है कि उसे चार दिनों तक थाना परिसर में ही रखा गया। इस दौरान उसके बयान दर्ज करने में भी अनावश्यक देरी की गई, जो कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन माना जा रहा है।
जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़ित परिवार से अवैध रूप से पैसा लेने का आरोप सब इंस्पेक्टर अंजलि कुमारी पर लगा है। इस बिंदु को जांच टीम ने गंभीरता से लिया है और अब इसके साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। ताजा अपडेट के अनुसार, जांच का दायरा बढ़ाते हुए कॉल डिटेल, संभावित लेन-देन और थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन शामिल था।
प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार की रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंजलि कुमारी को निलंबित कर दिया है और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही उच्च अधिकारियों द्वारा मामले की निगरानी की जा रही है। पीड़ित पक्ष से दोबारा बयान लेने की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई स्पष्ट हो सके।
इधर, एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता या भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि जांच में आरोप सिद्ध होते हैं, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल हरसिद्धि कांड में जांच लगातार आगे बढ़ रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment