मोतिहारी में वाहन चोर गिरोह का बड़ा खुलासा: फर्जी इंजन-चेसिस नंबर वाले वाहन बरामद, 3 शातिर गिरफ्तार

  • मोतिहारी में वाहन चोर गिरोह का बड़ा खुलासा: फर्जी इंजन-चेसिस नंबर वाले वाहन बरामद, 3 शातिर गिरफ्तार

 

मोतिहारी: पुलिस ने एक बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। 13 अप्रैल को रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने छापेमारी कर एक बोलेरो एवं एक मैजिक वाहन बरामद किया, जिनके जरिए लंबे समय से चोरी के नेटवर्क के संचालन की आशंका जताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान बरामद वाहनों की जब तकनीकी जांच HHD मशीन से की गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दोनों वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर अलग-अलग पाए गए, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि ये वाहन चोरी के हैं और इनके असली नंबर बदलकर फर्जी तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, गिरोह चोरी के वाहनों का नंबर बदलकर उन्हें अलग-अलग जिलों में बेचने का काम करता था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था।
इस मामले में पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान इस प्रकार की गई है—
विकास कुमार यादव, पिता-दीनानाथ यादव, निवासी-सेमुआपुर, थाना-डूमरिया घाट, जिला-पूर्वी चंपारण,
मोहम्मद रहमान, पिता-मोहम्मद सुल्तान मियां, निवासी-रामपुर खजुरिया, थाना-डूमरिया घाट, जिला-पूर्वी चंपारण, बुलेट राउत, पिता-जमादार राउत, निवासी-बड़ा बरियारपुर, छतौनी, जिला-पूर्वी चंपारण।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह पूर्वी चंपारण के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी सक्रिय था और लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। गिरोह के सदस्य चोरी के वाहनों को मॉडिफाई कर उनके इंजन-चेसिस नंबर बदल देते थे और फिर उन्हें वैध दिखाकर बेच देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिसमें कई और चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह के जरिए कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। साथ ही, गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। बरामद दोनों वाहनों को विधिवत जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले में साक्ष्य संकलन के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है। मोतिहारी पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय वाहन चोर गिरोह को बड़ा झटका लगा है और आगे भी इस तरह के अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Comment