सुगौली में भटकी युवती को मिला सहारा, GRP ने पहचान करा परिजनों को सौंपा

  • सुगौली में भटकी युवती को मिला सहारा, GRP ने पहचान करा परिजनों को सौंपा

 

सुगौली/पूर्वी चंपारण, 14 अप्रैल। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक युवती के भटके हुए अवस्था में मिलने की सूचना पर जीआरपी सुगौली ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर थाना लाया। थाना में की गई पूछताछ एवं आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान युवती ने अपना नाम अमृता कुमारी बताया। जांच के क्रम में उसकी पहचान उपेन्द्र सहनी की पुत्री के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में उसकी मानसिक स्थिति सामान्य पाई गई, हालांकि वह अपने गंतव्य एवं परिस्थितियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थ दिखी। आगे की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वह पश्चिम चंपारण जिला के मंझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गांव की निवासी है। पहचान स्थापित होने के उपरांत जीआरपी सुगौली द्वारा तत्काल परिजनों से संपर्क किया गया और उन्हें पूरी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिजन सुगौली पहुंचे तथा थाना परिसर में युवती की पहचान की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए अमृता कुमारी को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में जीआरपी सुगौली की तत्परता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली स्पष्ट रूप से सामने आई। समय पर उठाए गए कदम के कारण एक संभावित अनहोनी को टाल दिया गया। परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राहत की सांस ली। इधर, जीआरपी थानाध्यक्ष विजय कुमार झा ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों पर यदि कोई व्यक्ति असहाय या भटकी हुई स्थिति में मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment