- मोतिहारी पुलिस का मेगा एक्शन: ‘मौत की फैक्ट्री’ का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, गाजियाबाद से चल रहा था ज़हरीली स्प्रिट का खेल
मोतिहारी: जहरीली स्प्रिट कांड को लेकर एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। गाजियाबाद से पूरे रैकेट को ऑपरेट करने वाले मुख्य आरोपी सतीश चंद्र चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जांच में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि “एसएस केमिकल्स” नाम से चल रही स्पिरिट कंपनी पूरी तरह फर्जी थी। इसी फर्जी कंपनी के नाम पर जहरीली स्प्रिट का अवैध निर्माण और सप्लाई किया जा रहा था। आरोपी खुद को कंपनी का मालिक बताकर बड़े स्तर पर कारोबार चला रहा था।
एसआईटी सूत्रों के मुताबिक आरोपी गाजियाबाद से पूरे नेटवर्क को कंट्रोल कर रहा था और बिहार समेत कई राज्यों में सप्लाई चेन फैली हुई थी। इस नेटवर्क के तार शराब माफिया और अवैध केमिकल सप्लायरों से भी जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
तुरकौलिया थाना कांड संख्या 174/26 में दर्ज इस मामले में गिरफ्तारी के बाद आरोपी से लगातार गहन पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर अन्य ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि फर्जी दस्तावेजों और नकली कंपनी के जरिए लंबे समय से यह खतरनाक धंधा चल रहा था, जिससे बड़े स्तर पर जन-जीवन को खतरा पैदा हो रहा था।
एसआईटी का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं और पूरे गिरोह का पर्दाफाश होगा। फिलहाल पुलिस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। मोतिहारी पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बड़े इंटरस्टेट रैकेट का पर्दाफाश कर दिया है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।