बिहार में दरोगा की सर्विस रिवॉल्वर से पत्नी ने खुद को मारी गोली, मुंगेर में सनसनी

  • बिहार में दरोगा की सर्विस रिवॉल्वर से पत्नी ने खुद को मारी गोली, मुंगेर में सनसनी

मुंगेर। जिला के सफियासराय थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक चन्दन कुमार की 29 वर्षीय पत्नी मधु कुमारी ने शनिवार शाम अपने पति के सर्विस रिवॉल्वर से सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सैयद इमाम मसूद दल-बल के साथ सफियाबाद स्थित मुंगेर इमरजेंसी अस्पताल पहुंचे और मौके का जायजा लिया। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सर्विस रिवॉल्वर को जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, एसआई चंदन कुमार अपनी पत्नी मधु कुमारी के साथ सफियासराय में किराये के मकान में रहते थे। शनिवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो दोपहर तक शांत हो गया था। लेकिन शाम होते-होते फिर तनाव बढ़ा और इसी बीच मधु कुमारी ने खुद को गोली मार ली।
लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, पुलिस ने इस मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। दारोगा चंदन कुमार से लगातार पूछताछ की जा रही है, वहीं उनके मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन भी खंगाले जा रहे हैं। घटना के समय घर में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
इधर, मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है, जिसके बाद पुलिस हर एंगल—आत्महत्या, पारिवारिक विवाद या किसी अन्य कारण—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा है कि यह मामला बेहद गंभीर है, इसलिए सर्विस रिवॉल्वर के इस्तेमाल, उसकी उपलब्धता और घटना के समय की परिस्थितियों की गहराई से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार है।
फिलहाल मामला पूरी तरह सस्पेंस में है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है। इस घटना ने जहां पुलिस विभाग को झकझोर दिया है, वहीं आम लोगों के बीच भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment