- कटिहार में मौत का मंजर: बस-पिकअप भिड़ंत में 10 की मौत, 24 घायल, कई की हालत नाजुक
कटिहार: जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-31 पर शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बस और पिकअप वैन की आमने-सामने टक्कर में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 24 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसा बासगढ़ा चौक के पास उस समय हुआ जब दोनों वाहन ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इस दौरान कुछ बाइक सवार भी दोनों वाहनों की चपेट में आ गए, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।
मृतकों में अब तक एक की पहचान सदानंद मुर्मू उर्फ राजेश (40 वर्ष), पिता स्व. लालू मुर्मू, के रूप में हुई है, जो बाइक से गुजर रहे थे और हादसे की चपेट में आकर मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अन्य मृतकों में दो पुरुष, पांच महिलाएं और एक करीब 10 वर्षीय बच्ची शामिल हैं, हालांकि उनकी पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है। प्रशासन का कहना है कि शवों की शिनाख्त के लिए परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और जल्द ही पूरी सूची जारी की जाएगी।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वैन में सवार करीब 22 महिला-पुरुष झारखंड से कठिया मेला धाम से लौट रहे थे। वहीं दूसरी ओर कुछ लोग बाइक और ऑटो से बरहरा कोठी क्षेत्र से किसी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक करने के क्रम में सामने से आ रही पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को जाम कर दिया और घटनास्थल से गुजर रही बसों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए किसी तरह जाम हटवाया और आवागमन बहाल कराया।
घायलों को तत्काल कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है।
कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि मृतकों की संख्या फिलहाल 10 है, लेकिन यह आंकड़ा बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि सभी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है तथा पीड़ित परिवारों से संपर्क किया जा रहा है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ओवरटेकिंग के खतरों को उजागर करता है, जिसने पल भर में कई घरों के चिराग बुझा दिए और पूरे इलाके में मातम पसरा दिया।