बोलेरो पर लदी 151 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, डुमरियाघाट में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

  • 151 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, कुमरियाघाट में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मोतिहारी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोतिहारी पुलिस की टीम ने डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, केसरिया अंचल निरीक्षक के नेतृत्व में ALTF टीम के साथ संयुक्त रूप से विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध बोलेरो गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई करीब 151.20 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान गोपालगंज जिला अंतर्गत भोरे थाना क्षेत्र के जलतौली गांव निवासी सुरेश राम के पुत्र पंकज कुमार के रूप में की गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से शराब की तस्करी में संलिप्त था और अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई का काम करता था। पुलिस को उसकी गतिविधियों की लगातार सूचना मिल रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान उपयोग किए जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। इधर, एसपी स्वर्ण प्रभात का कहना है कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी हाल में अवैध कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है, वहीं पुलिस इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Comment