सुगौली में नाबालिग बेटी के अपहरण में पुलिस पर मिलीभगत का आरोप, पीड़िता दर-दर भटकने को मजबूर

  • सुगौली में नाबालिग बेटी के अपहरण में पुलिस पर मिलीभगत का आरोप, पीड़िता दर-दर भटकने को मजबूर

मोतिहारी / सुगौली : पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र से नाबालिग के अपहरण मामले में नया मोड़ सामने आया है। पीड़िता की मां कामनी देवी ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि केस के अनुसंधानकर्ता द्वारा आरोपियों से मिलीभगत कर कार्रवाई को प्रभावित किया जा रहा है, जिसके कारण अब तक न तो उनकी बेटी की बरामदगी हो सकी है और न ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी।
पीड़िता के अनुसार, उनकी 16 वर्षीय पुत्री विगत 26 मार्च को कोचिंग जाने के दौरान लापता हो गई थी। बाद में जानकारी मिली कि गांव के ही कुछ लोगों द्वारा उसका अपहरण कर लिया गया। इस संबंध में सुगौली थाना कांड संख्या 175/26 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 137(2), 87 बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
महिला का आरोप है कि पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को पकड़ने के बावजूद उसे छोड़ दिया, जबकि अन्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। लगातार थाना का चक्कर लगाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी नाबालिग का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन भय और चिंता में हैं।
पीड़िता की मां, जो एक विधवा हैं, ने अपनी असहाय स्थिति का जिक्र करते हुए बताया कि उन्हें पुलिस से सहयोग नहीं मिल रहा है और बार-बार बुलाकर गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी बेटी के साथ किसी प्रकार की अनहोनी या जबरन गलत कार्य कराया जा सकता है।
मामले को लेकर अब स्थानीय स्तर पर भी आक्रोश बढ़ने लगा है। पीड़िता की मां ने पुलिस अधीक्षक सवर्ण प्रभात से निष्पक्ष जांच कराते हुए जल्द से जल्द बेटी की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। वही एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। मामले में करीवाई के लिए थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया है।

Leave a Comment