- हरसिद्धि के डॉ. घनश्याम का राष्ट्रीय मंच पर जलवा, ‘होम्यो स्टार अवॉर्ड 2026’ के लिए चयन, सम्मेलन में करेंगे प्रस्तुति
हरसिद्धि। पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि प्रखंड के कनछेदवा निवासी एवं मां सविता होमियो क्लिनिक एंड रिसर्च सेंटर के निदेशक डॉ. घनश्याम का चयन प्रतिष्ठित “होम्यो स्टार अवॉर्ड 2026” के लिए किया गया है। यह सम्मान 24 अप्रैल से केरल के मुन्नार में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय राष्ट्रीय होमियोपैथी सम्मेलन के दौरान प्रदान किया जाएगा।
सम्मेलन में डॉ. घनश्याम को विशेष सत्र में अपने चिकित्सीय अनुभव और ग्रामीण क्षेत्र में किए जा रहे नि:शुल्क उपचार मॉडल पर प्रस्तुति देने का अवसर भी मिलेगा। आयोजन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, उनके कार्यों को “ग्रासरूट हेल्थ सर्विस” के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
वेल्सन होमियोपैथी के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से 150 से अधिक होमियोपैथिक चिकित्सक भाग लेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय भूषण सिंह ने डॉ. घनश्याम को औपचारिक आमंत्रण भेजते हुए उनके योगदान की सराहना की है। सम्मेलन के दौरान आधुनिक होमियोपैथिक उपचार पद्धतियों, शोध और अनुभवों का आदान-प्रदान होगा।
डॉ. घनश्याम कनछेदवा निवासी दिवंगत समाजसेवी स्व. रत्नेश्वरी शर्मा के छोटे पुत्र हैं। वे हर रविवार को अपने गांव में गरीब और जरूरतमंद मरीजों का नि:शुल्क उपचार करते हैं। उनके इस सेवा कार्य ने उन्हें स्थानीय स्तर पर खास पहचान दिलाई है और बड़ी संख्या में लोग उनसे उपचार लेने पहुंचते हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। पूर्व मंत्री सह हरसिद्धि विधायक कृष्णनंदन पासवान, पूर्व राजद प्रत्याशी नागेंद्र राम, मनोज राम, पैक्स अध्यक्ष महात्मा सिंह, नरेंद्र नाथ सिंह, समाजसेवी प्रभात, श्रीकांत ‘सौरव’ सहित कई लोगों ने बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है।
यह सम्मान न सिर्फ डॉ. घनश्याम की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि हरसिद्धि और पूर्वी चंपारण के लिए भी बड़ी पहचान लेकर आएगा। माना जा रहा है कि इससे क्षेत्र में होमियोपैथी के प्रति जागरूकता और विश्वास और मजबूत होगा, साथ ही युवा चिकित्सकों को भी नई प्रेरणा मिलेगी।