- आस्था को ललकारता शातिर! पुजारी के वेश में मंदिर में एंट्री, हनुमान जी का चांदी मुकुट उड़ा कर फरार — फिर सक्रिय हुआ पुराना चोर!
मोतिहारी: गोविन्दगंज थाना क्षेत्र के झखरा गांव स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, एक शातिर चोर पुजारी का भेष धारण कर मंदिर में पहुंचा और करीब 450 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
ताजा अपडेट के अनुसार, गोविन्दगंज थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और संदिग्ध की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है तथा मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।
ग्रामीणों का दावा है कि यह वही पुराना शातिर चोर है, जिसने पूर्व में अरेराज स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से अष्टधातु एवं चांदी की मूर्तियों की चोरी की थी और उस मामले में जेल भी जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद फिर से उसी तरह की वारदात को अंजाम देने से लोगों में भय और नाराजगी दोनों का माहौल है।
घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और मंदिरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्ती भी बढ़ा दी गई है।