ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिगों का काला खेल बेनकाब, बेतिया पुलिस का बड़ा धावा, 8 लड़कियां रेस्क्यू, 4 संचालक गिरफ्तार

  • ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिगों का काला खेल बेनकाब, बेतिया पुलिस का बड़ा धावा, 8 लड़कियां रेस्क्यू, 4 संचालक गिरफ्तार

 

बेतिया, 08 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग एवं अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग) के द्वारा चलाए जा रहे “नया सवेरा 2.0” अभियान के तहत एसपी डॉ. सौर्य सुमन के निर्देश पर बेतिया पुलिस ने गौनाहा थाना क्षेत्र में मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया। छापेमारी के दौरान हलचल बैंड एवं जटाशंकर न्यू भोजपुरिया रॉक सोनाली नामक ऑर्केस्ट्रा ग्रुप से जुड़ी कुल 08 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने मौके से 04 ऑर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया, जो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अवैध गतिविधियों में धकेल रहे थे। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से ऑर्केस्ट्रा के नाम पर नाबालिगों का शोषण कर रहा था। रेस्क्यू की गई सभी पीड़िताओं को सुरक्षित स्थान पर रखकर उनके पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि उन्हें सामान्य जीवन में वापस लाया जा सके। इस बड़ी कार्रवाई में मिशन मुक्ति फाउंडेशन के वीरेंद्र कुमार सिंह, रेस्क्यू फाउंडेशन के अजय पाण्डेय, रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन के मनीष कुमार, आदित्य कुमार, ग्राम नियोजन केंद्र के  अरुणेंद्र कुमार सिंह,  सत्येंद्र कुमार, प्रियंका कुमारी, ओम प्रकाश एवं बहादुर माझी ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं A.H.T.U SSB बेतिया के इंस्पेक्टर विकास कुमार, A.H.T.U प्रभारी पुनि रविंद्र कुमार यादव, महिला थाना बेतिया की थानाध्यक्ष पुअनि श्यामली कमल तथा पुलिस केंद्र बेतिया के सिपाहियों ने पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। बेतिया पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मानव तस्करी, बाल श्रम और नाबालिगों के शोषण में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Comment