- मोतिहारी में स्टंट का वायरल शो बना आफत! मोतिहारी पुलिस का हंटर चला, सड़क पर हुड़दंग, बाइक सीज
- लाइक्स के चक्कर में जान जोखिम में डाल रहे युवा, पुलिस ने दिखाई सख्ती
- एनएच पर खतरनाक करतब का वीडियो बना सबूत
मोतिहारी: सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक अब युवाओं पर भारी पड़ने लगी है। ताजा मामला तब सामने आया जब सड़क पर खतरनाक बाइक स्टंट का वीडियो वायरल हुआ और इसके बाद मोतिहारी पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए संबंधित बाइक को जब्त कर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक व्यस्त सड़क पर तेज रफ्तार बाइक से खतरनाक स्टंट कर रहा है। यह स्टंट न सिर्फ उसकी जान से खिलवाड़ था, बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों के लिए भी बड़ा खतरा बना हुआ था। चौंकाने वाली बात यह है कि यह सब एनएच-27 जैसी व्यस्त सड़क पर किया जा रहा था, जहां हर पल दुर्घटना का खतरा बना रहता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आई और वीडियो के आधार पर बाइक की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच के बाद पुलिस ने संबंधित बाइक को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक यह पूरा मामला डुरियाघाट थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। जहा पुलिस को सोशलमीडिया से सूचना प्राप्त हुआ कि डुमारियाघाट थाना क्षेत्र के नवीन गांधी नगर निवासी विपिन राय का पुत्र अभिषेक कुमार के द्वारा एनएच 27 पर खतरनाक स्टंड कर उसका वीडियो सोशलमीडिया पर अपलोड किया जा रहा है, जिससे लोगो की जान को खतरा है। पुलिस ने प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर थाने में प्राथमिकी दर्ज की और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि सड़क को स्टंट का मैदान बनाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में अब सीधे कार्रवाई होगी और जुर्माना के साथ-साथ कानूनी शिकंजा भी कसा जाएगा।
पुलिस ने युवाओं से साफ कहा है—
“लाइक्स और फॉलोअर्स के चक्कर में जिंदगी से खिलवाड़ बंद करें, वरना अगली बारी जेल की हो सकती है।”