- ताला तोड़कर दो बंद घरों में घुसे चोर, नकदी-जेवरात व सिलेंडर ले गये
- मटियारिया में एक ही रात दो घरों को बनाया निशाना, अलमारी का ताला तोड़कर करीब 25 हजार नकद समेत सामान उड़ाया
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के मटियारिया गांव में रविवार की रात चोरों ने दो बंद घरों का ताला तोड़कर जमकर उत्पात मचाया। घरों में घुसने के बाद चोरों ने अलमारी और कमरों को खंगाला और नकदी, जेवरात, कीमती कपड़े, गैस सिलेंडर व जरूरी कागजात समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गये। एक ही रात दो बंद घरों में ताला तोड़कर चोरी की घटना से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के समय दोनों परिवार घर से बाहर थे। पीड़ित मनू पाण्डेय ने बताया कि रविवार को वह सपरिवार अपने घर में ताला लगाकर मोतिहारी गये थे। उनकी सास का अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार की गैरमौजूदगी में चोरों ने घर के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुस गये। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर करीब 20 हजार रुपये नकद, जेवरात और कीमती कपड़े चोरी कर लिये। चोर घर में रखे दो गैस सिलेंडर भी खोलकर अपने साथ ले गये। सुबह पड़ोसी की सूचना पर मनू पाण्डेय को घर में चोरी होने की जानकारी मिली। घर पहुंचने पर कमरे का सामान बिखरा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। घर की स्थिति देखकर परिवार के लोगों को चोरी की वारदात का पता चला। इसके बाद चोरों ने पड़ोसी सौरभ कुमार के बंद घर को भी निशाना बनाया। वहां भी ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया गया। चोर करीब पांच हजार रुपये नकद और जरूरी कागजात चोरी कर ले गये। सुबह घटना का पता चलने के बाद दोनों पीड़ितों ने हरसिद्धि थाना पहुंचकर अलग-अलग आवेदन दिया। एक ही रात दो बंद घरों में ताला टूटना पुलिस के लिए भी जांच का विषय बन गया है। चोरों ने जिस तरीके से घरों के ताले तोड़े और अंदर रखे सामान को खंगाला, उससे वारदात में शामिल लोगों की संख्या और उनके आने-जाने के रास्ते को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है। हालांकि चोरों को घरों के बंद होने की जानकारी पहले से थी या उन्होंने मौका देखकर वारदात की, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घरों का निरीक्षण किया। पुलिस ने टूटे ताले, घर के अंदर बिखरे सामान और आने-जाने के संभावित रास्तों की जांच की। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का प्रयास है कि वारदात में शामिल चोरों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाये।
