- मोतिहारी में जाम हटाने सड़क पर उतरी पुलिस, गैस गाड़ी को खुद दिया धक्का
- बलुआ ओवरब्रिज पर गैस लदा वाहन खराब होने से लगी वाहनों की लंबी कतार, नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार व यातायात प्रभारी उदय कुमार ने संभाला मोर्चा
मोतिहारी। शहर के लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में बुधवार को नगर थाना क्षेत्र के बलुआ ओवरब्रिज पर गैस लदा एक वाहन अचानक खराब हो गया। ओवरब्रिज पर बीच सड़क वाहन के खराब होने से देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। इससे आवागमन प्रभावित हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार और यातायात प्रभारी उदय कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और जाम को जल्द से जल्द समाप्त कराने के लिए मौके पर ही मोर्चा संभाल लिया। खराब गैस वाहन को सड़क से हटाने के लिए जब तत्काल कोई व्यवस्था नहीं हो सकी तो दोनों अधिकारियों ने इंतजार करने के बजाय खुद वाहन को धक्का लगाना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों को सड़क पर गैस लदे वाहन को खुद धक्का लगाते देख वहां मौजूद लोग भी आगे आये। कुछ लोगों ने अधिकारियों का साथ दिया और सामूहिक प्रयास से वाहन को सड़क के किनारे हटाया गया। वाहन हटते ही ओवरब्रिज पर फंसे वाहनों को आगे बढ़ने का रास्ता मिला और धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों का यह रवैया लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। जाम हटाने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने केवल निर्देश देने या दूसरे संसाधनों का इंतजार करने के बजाय खुद सड़क पर उतरकर समस्या के समाधान में भागीदारी निभायी। अधिकारियों के इस कदम से पुलिस और आम लोगों के बीच सहयोग की तस्वीर भी सामने आयी। बलुआ ओवरब्रिज जैसे व्यस्त मार्ग पर अचानक वाहन खराब होने की स्थिति में थोड़ी देर में ही लंबा जाम लग गया था। ऐसे में नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार और यातायात प्रभारी उदय कुमार की तत्परता से स्थिति को बिगड़ने से पहले नियंत्रित कर लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों अधिकारियों के इस प्रयास की सराहना की। लोगों का कहना था कि यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों का खुद सड़क पर उतरकर आम लोगों की परेशानी दूर करने का प्रयास सकारात्मक संदेश देता है।
