- मोतिहारी में बेघर विधवा की फरियाद पर डीएम का बड़ा एक्शन, पेंशन के साथ जमीन दिलाने का निर्देश
मोतिहारी : जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की जनसुनवाई में एक गरीब विधवा महिला की बेबसी सामने आयी. घर और जमीन से वंचित रेखा देवी फरियाद लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंचीं. महिला ने बताया कि उसके पास रहने के लिए अपना घर नहीं है और न ही जमीन. वह जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंची थी. महिला की स्थिति और उसकी समस्या सुनने के बाद जिलाधिकारी ने उससे सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलने के संबंध में जानकारी ली. रेखा देवी ने बताया कि उसे किसी तरह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है. महिला की परेशानी सुनते ही जिलाधिकारी ने मामले में तत्काल पहल की. उन्होंने अपने विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) को फोन कर रेखा देवी को सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के पास भेजने का निर्देश दिया. साथ ही महिला का नाम सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में जोड़ने की कार्रवाई करने को कहा. डीएम ने सदर अंचलाधिकारी, मोतिहारी से भी मोबाइल पर बात की और रेखा देवी के आवेदन को अग्रसारित करते हुए अभियान बसेरा के तहत उसे जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. एक ही फरियाद में आवासहीन महिला को सामाजिक सुरक्षा का सहारा और जमीन उपलब्ध कराने की पहल ने जनसुनवाई के उद्देश्य को भी सामने रखा.
दाखिल-खारिज में परेशानी की शिकायत, डीएम ने सीओ से की सीधी बात
जनसुनवाई में कल्याणपुर अंचल की विमला देवी दाखिल-खारिज से संबंधित शिकायत लेकर पहुंचीं. उन्होंने आरोप लगाया कि दाखिल-खारिज के मामले में उन्हें परेशान किया जा रहा है. शिकायत सुनने के बाद डीएम ने मामले को संबंधित अधिकारी के पास भेजकर औपचारिक कार्रवाई का इंतजार नहीं किया, बल्कि जनसुनवाई के दौरान ही कल्याणपुर अंचलाधिकारी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की. महिला का आवेदन व्हाट्सएप के माध्यम से सीओ को भेजते हुए मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जमाबंदी अलग कराने की मांग, पकड़ीदयाल सीओ को शीघ्र कार्रवाई का निर्देश
पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के अजगरवा गांव निवासी संतोष सिंह ने जमाबंदी सुधार से जुड़ी समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी. उन्होंने बताया कि ग्राम कचहरी के माध्यम से आपसी सहमति से बंटवारा हो चुका है. बंटवारे के बाद खाता और खेसरा संख्या अलग-अलग हो चुके हैं, लेकिन जमाबंदी अब भी एक ही है. अपने नाम से नियमानुसार जमाबंदी कायम कराने के लिए उन्होंने आवेदन दिया. मामले में डीएम ने पकड़ीदयाल अंचलाधिकारी से बात की और आवेदन की जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
सरकारी पोखर में मछली मारने से रोकने और धमकी देने की शिकायत
पताही अंचल के परसौनी कपूर निवासी रामाधार साहनी ने सरकारी पोखर में मछली मारने से रोकने और दबंग व्यक्ति द्वारा मारपीट की धमकी देने की शिकायत की. उन्होंने बताया कि मामले को लेकर वह अंचलाधिकारी से भी मिल चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने आवेदन को उप विकास आयुक्त, पूर्वी चंपारण के पास भेजने का निर्देश दिया. साथ ही मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा.
14 फरियादियों की सुनी गयी समस्या, संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश
जनसुनवाई में कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए. जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों से बारी-बारी से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया. जनसुनवाई में जमीन, पेंशन, दाखिल-खारिज, जमाबंदी और सरकारी संपत्ति से जुड़े मामले सामने आये. जिलाधिकारी ने फरियादियों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिये.