सुगौली में नदी में स्नान करने गए सुरेश झा की डूबने से मौत, घर में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

  • नदी में स्नान करने गए सुरेश झा की डूबने से मौत, घर में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

सुगौली: प्रखंड क्षेत्र के सुगांव गांव में शुक्रवार को उस समय मातम पसर गया, जब नदी में स्नान करने गए एक व्यक्ति की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. हादसे में सुगांव निवासी सुरेश झा की जान चली गई. प्रतिदिन की तरह नदी में स्नान करने गए सुरेश झा के लिए शुक्रवार का दिन जिंदगी का आखिरी दिन साबित हुआ. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए. बताया जाता है कि सुरेश झा रोजाना नदी में स्नान करने जाते थे. स्नान के साथ वह नदी से कमल का फूल भी लेकर घर लौटते थे, जिसका इस्तेमाल पूजा-अर्चना में किया जाता था। शुक्रवार को भी वह इसी नियमित दिनचर्या के तहत नदी में स्नान करने पहुंचे थे. इसी दौरान वह नदी के गहरे पानी में चले गए और अचानक डूबने लगे. देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी. सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. परिजन और ग्रामीण तत्काल नदी की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने अपनी ओर से काफी मशक्कत करते हुए नदी में उनकी तलाश शुरू की. काफी प्रयास के बाद सुरेश झा को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. उन्हें बचाने की ग्रामीणों की कोशिश नाकाम रही और घटनास्थल पर ही परिवार की उम्मीदें टूट गईं. घटना की जानकारी सुगांव के मुखिया रंजीत झा को दी गई। मुखिया ने तत्काल सुगौली थानाध्यक्ष अवनीश सिंह को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया. पुलिस की कार्रवाई के दौरान घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही. हादसे को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और दुख देखने को मिला. लोगों ने नदी में स्नान के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत बताई. सुरेश झा की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है. ग्रामीणों के अनुसार, वह प्रतिदिन नदी में स्नान करने जाते थे और स्नान के बाद कमल का फूल लेकर घर लौटते थे. यही सामान्य दिनचर्या शुक्रवार को उनके लिए काल बन गई. घर से नदी तक पहुंचे सुरेश झा फिर वापस नहीं लौट सके. हादसे की सूचना जब परिवार के सदस्यों को मिली तो घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के लोग भी शोकाकुल परिवार को संभालने और ढांढस बंधाने में जुटे रहे। अचानक हुई मौत से ग्रामीणों के बीच भी गम का माहौल है. सुरेश झा के आकस्मिक निधन पर प्रखंड मुखिया संघ के उपाध्यक्ष प्रभाकर मिश्र, सुगांव मुखिया रंजीत झा, पंसस प्रद्युम्न झा, सरपंच रूपेश मिश्र, महेश मिश्र, मंगनी मिश्र, नवल झा, प्रदीप मिश्र और केशव झा समेत कई जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुरेश झा के निधन से गांव एक मिलनसार व्यक्ति को खो दिया है. उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. घटना के बाद से सुगांव में शोक का माहौल बना हुआ है.

Leave a Comment