एमएलसी महेश्वर सिंह बने बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के सिनेट सदस्य, शिक्षा जगत में खुशी की लहर
हरसिद्धि/मुरारपुर (पूर्वी चंपारण)। बिहार विधान परिषद सदस्य महेश्वर सिंह को बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर का सिनेट सदस्य मनोनीत किया गया है। यह महत्वपूर्ण मनोनयन बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह द्वारा किया गया है।
जैसे ही यह खबर सामने आई, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इसे शिक्षा क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक कदम बताया है।
महेश्वर सिंह हरसिद्धि प्रखंड के मुरारपुर गांव के निवासी हैं और वे हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी रह चुके हैं। क्षेत्रीय राजनीति से लेकर सामाजिक कार्यों तक उनकी सक्रिय भूमिका लंबे समय से रही है, जिसके चलते उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वीआईपी के पूर्व प्रत्याशी वरुण विजय ने कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों में नई दिशा और गति आएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
इसके साथ ही पूर्व मुखिया सुरेन्द्र कुमार सिंह, चंद्रशेखर सिंह, शंभू प्रसाद, डॉ. जितेन्द्र प्रसाद और जाकिर हुसैन सहित कई लोगों ने इस मनोनयन पर खुशी व्यक्त की और इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महेश्वर सिंह के अनुभव का लाभ विश्वविद्यालय को मिलेगा और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल प्राप्त होगा।
