- मोतिहारी में खाद तस्करी का बड़ा खुलासा, 61 बोरा NPK, तीन बाइक और तीन तस्कर गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण: जिला में अवैध खाद तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि विभाग, पूर्वी चंपारण और SSB बड़हरवा की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को घोघिया गांव में छापेमारी कर 61 बोरा अवैध NPK खाद बरामद किया। इस कार्रवाई में तीन मोटरसाइकिल और तीन तस्करों को भी पकड़ा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्र से किसानों के लिए निर्धारित NPK खाद की अवैध तस्करी की जा रही थी। खाद को कालाबाजारी के जरिए बाहर भेजने की तैयारी थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद कृषि विभाग और SSB ने संयुक्त रणनीति बनाकर घोघिया गांव में निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान मौके से कुल 61 बोरा NPK खाद, तीन मोटरसाइकिल और तीन तस्करों को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों का मानना है कि यह मामला किसी बड़े खाद तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जो सीमावर्ती इलाकों में लंबे समय से सक्रिय है।
कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रखंड बनकटवा अंतर्गत थाना जितना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
कृषि विभाग ने साफ कहा है कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अवैध खाद भंडारण, कालाबाजारी और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय खाद माफियाओं में डर का माहौल है, जबकि किसानों ने प्रशासन की इस सख्ती का स्वागत किया है।
