- मच्छरगाँवा में प्लास्टिक बैग पर सख्त कार्रवाई, दुकानों पर छापेमारी से मचा हड़कंप
पश्चिम चंपारण: मच्छरगाँवा नगर पंचायत क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया। जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान नगर क्षेत्र की विभिन्न दुकानों पर औचक निरीक्षण किया गया, जिससे कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया।
कार्यपालक पदाधिकारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग के उपयोग की गहन जांच की। इस दौरान कई दुकानों से प्लास्टिक बैग जब्त किए गए और संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान दुकानदारों को पर्यावरण संरक्षण का हवाला देते हुए कपड़े और जूट के थैलों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई कि वे प्लास्टिक के उपयोग से बचें और स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण बनाने में सहयोग करें।
नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।