जन्मदिन की पार्टी में छलका जाम, पुलिस के छापे में चारों रंगेहाथ गिरफ्तार
मोतिहारी: शहर में शराबबंदी कानून की सख्ती के बावजूद अवैध शराब सेवन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला चांदमारी मोहल्ला स्थित बेचू सदन का है, जहां जन्मदिन की पार्टी के बहाने शराब पार्टी चल रही थी। गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर शाम छापेमारी की और मौके से चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान अभिषेक राज, अभिषेक कुमार, आलोक कुमार और रिकी पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी युवक एक कमरे में बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे और जन्मदिन का जश्न मना रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से शराब की कई बड़ी बोतलें, डिस्पोजल ग्लास, खाने-पीने का सामान तथा चिकन बरामद किया है, जो पार्टी के दौरान इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस ने सभी आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद सभी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और गुप्त सूचना के आधार पर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में मोतिहारी और आसपास के इलाकों में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत और कई लोगों की आंखों की रोशनी जाने की दर्दनाक घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद पुलिस और उत्पाद विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसके बावजूद शहर के अंदर ही जन्मदिन पार्टी के नाम पर शराब सेवन का मामला सामने आना प्रशासनिक सख्ती पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह गुप्त रूप से शराब पार्टियां चलती रहीं, तो शराबबंदी कानून की प्रभावशीलता पर असर पड़ सकता है। वहीं पुलिस का दावा है कि ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।