क्लीनिक में इलाज नहीं, हथियारों की ‘डिलीवरी’! पटना में फर्जी डॉक्टर का काला कारोबार उजागर, भारी जखीरे के साथ गिरफ्तार

  • क्लीनिक में इलाज नहीं, हथियारों की ‘डिलीवरी’! बेलछी में फर्जी डॉक्टर का काला कारोबार उजागर, भारी जखीरे के साथ त्रिपुरारी सिंह गिरफ्तार

पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेलछी थाना क्षेत्र के बराह गांव से एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जहां एक तथाकथित डॉक्टर का क्लीनिक इलाज का नहीं, बल्कि अवैध हथियारों की सप्लाई का अड्डा बन चुका था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी त्रिपुरारी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के मुताबिक, बेलछी थानाध्यक्ष नवीन कुमार को सूचना मिली थी कि बराह गांव स्थित एक क्लीनिक में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने जब क्लीनिक पर दबिश दी, तो अंदर का नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 1 देशी पिस्तौल, 1 देसी कट्टा, 2 मैगजीन, 15 जिंदा कारतूस, 6 पिस्टल कवर और करीब सवा लाख रुपये नकद बरामद किए। पुलिस का मानना है कि यह रकम किसी बड़े हथियार सौदे से जुड़ी हो सकती है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त था और अपने क्लीनिक को हथियारों की डिलीवरी के लिए सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल कर रहा था। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि स्थानीय लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, त्रिपुरारी सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले अपहरण के एक मामले में जेल जा चुका है। अब पुलिस इस बात की तहकीकात में जुटी है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और हथियारों की सप्लाई कहां-कहां तक होती थी।
फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में जल्द ही और बड़े खुलासे व गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग स्तब्ध हैं कि एक ‘डॉक्टर’ की आड़ में इतना बड़ा अवैध कारोबार चल रहा था।

Leave a Comment