- मझौलिया में भीड़ का तांडव: पुलिस हिरासत से आरोपी छुड़ाया, VIDEO वायरल
बेतिया। जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के बहुअरवा गांव में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए भीड़ ने पुलिस हिरासत से एक आरोपी को जबरन छुड़ा लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में कुछ संदिग्ध लोग किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान रीठा महतो नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
पुलिस जब आरोपी को वाहन में बैठाकर थाना ले जा रही थी, तभी मौके पर मौजूद भीड़ उग्र हो गई। दर्जनों लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और हंगामा करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी बीच कुछ लोगों ने आरोपी को वाहन से खींचकर बाहर निकाल लिया और फरार करा दिया। वायरल वीडियो में पूरी घटना साफ तौर पर नजर आ रही है, जिससे यह प्रतीत होता है कि आरोपी को छुड़ाने की साजिश पहले से रची गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए करीब 20 लोगों को नामजद किया है। अधिकारियों के अनुसार वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।