मुजफ्फरपुर में ‘गन पॉइंट पर गुंडाराज’, पूर्व पार्षद से दिनदहाड़े लूट, पीछा करने पर युवक घायल

  • सिकंदरपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव, पिस्टल लहराते फरार — पुलिस गश्त पर उठे तीखे सवाल

मुजफ्फरपुर: मुज्जफरपुर में अपराधियों का दुस्साहस अब खुलकर सामने आने लगा है। शहर के संवेदनशील माने जाने वाले सिकंदरपुर इलाके में दिनदहाड़े पूर्व वार्ड पार्षद विकास सहनी को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने उनकी सोने की चेन लूट ली और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। बताया जाता है कि वारदात उस वक्त हुई जब इलाके में सामान्य चहल-पहल थी, लेकिन अपराधियों ने बिना किसी डर के घटना को अंजाम दिया। बदमाशों के हाथों में पिस्टल थी और वे खुलेआम उसे लहराते हुए भाग निकले, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के दौरान हिम्मत दिखाते हुए वर्तमान पार्षद के पुत्र ने अपराधियों का पीछा किया, लेकिन इस दौरान वह घायल हो गया। इसके बाद भी बदमाश गिरफ्त से बाहर निकलने में कामयाब रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अपराधियों का अंदाज इतना बेखौफ था कि मानो उन्हें कानून का कोई डर ही नहीं हो। दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सिकंदरपुर जैसे इलाके में भी अगर अपराधी इस तरह खुलेआम वारदात कर फरार हो जाएं, तो आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे है। घटना के बाद सिकंदरपुर थाना पुलिस हरकत में आई है। थानाध्यक्ष डीके महतो ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक नजर आए हैं। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बड़ा सवाल:
दिनदहाड़े, संवेदनशील इलाके में लूट—क्या मुजफ्फरपुर में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है?
क्या अपराधियों को अब कानून-व्यवस्था की कोई परवाह नहीं रही? इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

Leave a Comment