- पूरनहिया में पुलिस का बड़ा वार: 186 लीटर नेपाली शराब के साथ पिकअप जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
शिवहर: जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पूरनहिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने 186 लीटर नेपाली शराब के साथ एक मिनी पिकअप वैन जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। थानाध्यक्ष प्रेमजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बसंत जगजीवन गांव में छापेमारी की, जहां से शराब लदी मिनी पिकअप को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 186 लीटर नेपाली शराब, एक मोबाइल फोन तथा “जय माता दी” लिखी मिनी पिकअप वैन बरामद की है, जिसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बाबूलाल साह (पिता- सीताराम साह) और जयकिशोर (पिता- बंगाली महतो), दोनों निवासी बसंत जगजीवन, थाना पूरनहिया के रूप में हुई है।
वहीं, तीसरा आरोपी अमन (पिता- उमेश कुमार सिंह) मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई से इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।