- सुगौली में दो खाद दुकानों के लाइसेंस रद्द, DAO की कार्यवाई से हड़कंप
- सुगौली के रघुनाथपुर स्थित में. माँ दुर्गा ट्रेडर्स व शीतलपुर स्थित में. सहनी खाद बीज भंडार का लाइसेंस रद्द


सुगौली: किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह ने सुगौली के दो खाद विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई की है. एएसओ सदर के अनुशंसा पर करमवा रघुनाथपुर पंचायत के रघुनाथपुर पेट्रोल पंप के समीप स्थित मां दुर्गा ट्रेडर्स प्रोपराइटर सुनील कुमार व माली पंचायत के साहनी खाद बीज भंडार प्रोपराइटर-उज्जवल के खाद विक्रेताओं के लाइसेंस को रद्द कर दिया है. बताया जाता है कि बिगत 20 दिसंबर को एएसओ सदर ने दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया था. जांच में रघुनाथपुर पेट्रोल पंप की समीप स्थित मां दुर्गा ट्रेडर्स बंद पाया गया इससे दुकान की जांच नहीं हो सकी. जबकि शीतलपुर स्थित सहनी खाद बीज भंडार में निरीक्षण के दौरान व्यापक अनियमित पाई गई. दुकान में 64 बैग डीएपी, 38 बैग पोटाश, 67 बैग एनपी पाया गया. जबकि जांच के क्रम में पॉज का वाउचर नहीं दिया गया, भंडार पंजी और बिक्री पंजी नहीं था, मूल्य तालिका भी दुकान में अधतन नही था. इसके बाद एएसओ ने दोनों दुकानदारों से स्पष्टीकरण की मांग की थी. दुकानदारों के द्वारा स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर कार्यवाई के लिए अनुशंसा की गई थी. इसके बाद डीएओ ने सख्ती दिखाते हुए उक्त दोनों दुकान की अनुज्ञप्ति रद्द कर विक्रय पर रोक लगा दी है. जिला कृषि पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिला में खाद आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जायेगी. किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी. इस तरह की ताबड़तोड़ कार्रवाई से खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन का कहना है कि अगर किसी और विक्रेता पर भी निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर खाद बेचने या स्टॉक में गड़बड़ी की शिकायत मिली, तो उनके विरुद्ध भी कठोर कदम उठाये जायेंगे.