- मोतिहारी में ‘ऑपरेशन नया सवेरा 2.0’ का महाधमाका! मानव तस्करी गिरोह चकनाचूर—16 नाबालिग रेस्क्यू, 6 संचालक गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण: मोतिहारी पुलिस ने मानव तस्करी और बाल शोषण के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह पर जोरदार प्रहार किया है। “ऑपरेशन नया सवेरा 2.0” के तहत पूर्वी चंपारण पुलिस ने जिले के कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर 16 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया है, जिन्हें ऑर्केस्ट्रा ग्रुप के नाम पर अवैध गतिविधियों में धकेला जा रहा था। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में ढाका थाना क्षेत्र से 2, पचकड़ी थाना क्षेत्र से 2 और पताही थाना क्षेत्र से 12 नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस ऑपरेशन से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अवैध धंधों में लिप्त गिरोहों में डर का माहौल बन गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- प्रेम कुमार, पिता–जीतन साह, निवासी– पचकड़ी, थाना पचकड़ी, जिला पूर्वी चंपारण
- विकास कुमार, पिता– बिनदा पंडित, निवासी– गहिरिया, थाना पताही, जिला पूर्वी चंपारण
- नवीन साह, पिता– शंकर साह, निवासी– गहिरिया, थाना पताही, जिला पूर्वी चंपारण
- राजू किशोरी, पिता– अजय कुमार किशोरी, निवासी– रक्सौल, थाना रक्सौल, जिला पूर्वी चंपारण
- मन्नु खान, पिता– मिराज अली, निवासी– मोतीझील/अनवर नगर, कोलकाता
- राजू कुमार, पिता– रामनारायण राम, निवासी– अजरिया, थाना पचकड़ीदयाल, जिला पूर्वी चंपारण
इन सभी आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी, बाल शोषण और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
मजबूत टीम, सटीक प्लानिंग:
इस पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने में मल्टी-एजेंसी टीम की अहम भूमिका रही। टीम में मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन, चाइल्ड हेल्पलाइन, श्रम विभाग और स्थानीय पुलिस शामिल रही। टीम में रितेश कुमार सिंह (मुक्ति फाउंडेशन), अक्षय कुमार (रेस्क्यू फाउंडेशन), खुशबू कुमारी (चाइल्ड हेल्पलाइन), सत्येंद्र कुमार, अमित कुमार, सुनील कुमार (श्रम विभाग), अंचल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार, AHTU के सर्वेश कुमार सिंह, डाका थानाध्यक्ष राजीव रंजन राय, पताही थानाध्यक्ष बलराम कुमार, पचकड़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी और महिला थाना की मीना कुमारी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
रेस्क्यू के बाद आगे की कार्रवाई:
सभी नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित स्थान पर रखकर उनकी काउंसलिंग और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि पीड़िताओं को हर संभव सहायता दी जाएगी।
मोतिहारी में यह कार्रवाई सिर्फ एक ऑपरेशन नहीं, बल्कि अपराध के खिलाफ खुला ऐलान है—अब मानव तस्करी और बाल शोषण करने वालों की खैर नहीं!