मोतिहारी में जहरीली शराब कांड में बड़ा खुलासा, चौकीदार कनेक्शन से हड़कंप

  • मोतिहारी में जहरीली शराब कांड में बड़ा खुलासा, चौकीदार कनेक्शन से हड़कंप

पूर्वी चंपारण: मोतिहारी में जहरीली शराब कांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, रघुनाथपुर के एक और चौकीदार की भूमिका अब संदिग्ध मानी जा रही है, जिससे पूरे मामले में पुलिस महकमे तक सवाल उठने लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस चौकीदार के भाई ने ही शराब कारोबारी सुखाड़ी को स्प्रिट उपलब्ध कराया था। इसी स्प्रिट से तैयार जहरीली शराब ने एक और जान ले ली। बताया जा रहा है कि 3 अप्रैल को शंकरसरैया निवासी आलियास अंसारी ने सुखाड़ी के यहां से शराब पी थी। शराब पीने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गिरफ्तार किए गए शराब कारोबारी सुखाड़ी ने पूछताछ में यह बड़ा खुलासा किया है, जिसके बाद पुलिस अब चौकीदार और उसके भाई की भूमिका की गहराई से जांच में जुट गई है। इस कांड में और भी कई लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। जहरीली शराब कांड अब सिर्फ अवैध कारोबार का मामला नहीं रह गया है, बल्कि इसमें स्थानीय तंत्र की मिलीभगत की बू आने लगी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Comment