- मोतिहारी जहरीली शराब कांड में बड़ा खुलासा
- मुख्य आरोपी नागा रॉय और चौकीदार भरत रॉय का रिश्तेदारी कनेक्शन,
- पुलिस ने कसा शिकंजा
ताबड़तोड़ छापेमारी, कई संदिग्ध हिरासत में- कॉल डिटेल्स और पैसों के लेन-देन की जांच तेज
मोतिहारी: जहरीली शराब से हुई दर्दनाक मौतों के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। ताजा अपडेट के मुताबिक, इस कांड के मुख्य आरोपी नागा रॉय का सीधा संबंध इलाके के चौकीदार भरत रॉय से निकला है। दोनों एक ही गांव के निवासी हैं और आपस में रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं। इस खुलासे के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब यह सिर्फ अवैध शराब के कारोबार का मामला नहीं रह गया है, बल्कि इसमें स्थानीय स्तर पर संरक्षण और सिस्टम की संभावित मिलीभगत की आशंका गहरा गई है।
- अपडेट
- पुलिस ने बीती रात कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है।इस दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
- मुख्य आरोपी नागा रॉय की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, हालांकि वह अब तक फरार बताया जा रहा है।
- पुलिस कॉल डिटेल्स (CDR) और आर्थिक लेन-देन की गहन जांच कर रही है, जिससे नेटवर्क का विस्तार सामने आ सके।
सूत्रों के अनुसार, नागा रॉय लंबे समय से इस अवैध धंधे से जुड़ा हुआ था और उसके नेटवर्क की जड़ें गांव से लेकर आसपास के इलाकों तक फैली हो सकती हैं। ऐसे में चौकीदार से रिश्तेदारी का सामने आना जांच एजेंसियों के लिए बेहद अहम कड़ी बन गया है।सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि क्या इस पूरे नेटवर्क को स्थानीय स्तर पर संरक्षण मिल रहा था? अगर हां, तो इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं? क्या चौकीदारी व्यवस्था की आड़ में इस धंधे को नजरअंदाज किया जा रहा था या फिर इसमें सक्रिय भूमिका निभाई जा रही थी?इधर, इस सनसनीखेज खुलासे के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया है। वरीय अधिकारियों ने मामले की मॉनिटरिंग तेज कर दी है और स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी दोषी को बख्शा न जाए, चाहे वह किसी भी पद या प्रभाव का क्यों न हो।गौरतलब है कि इस जहरीली शराब कांड में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई पीड़ित अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। मोतिहारी की यह त्रासदी अब एक बड़े सिस्टम फेलियर की तस्वीर पेश कर रही है, जहां शराबबंदी कानून के बावजूद मौत का यह कारोबार फल-फूल रहा है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस कांड के और भी बड़े चेहरे सामने आने की आशंका जताई जा रही है।