मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत पिपरकोठी थाना परिसर में बुधवार को पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्राभात ने जनता दरबार लगाया. इस दौरान 22 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं और समाधान की मांग की. जनता दरबार में भूमि विवाद जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए. एसपी ने सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश एसडीपीओ व थानाध्यक्ष को दिए. जनता दरबार में एसडीपीओ सदर-2 जितेश कुमार पाण्डे, सर्किल इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष सहित अन्य उपस्थित रहे. जनता दरबार में सर्वाधिक मारपीट, धोखाधड़ी सहित फर्जी मुकदमे में फंसाने आदि के भी मामले आए थे. जनता दरबार में भूमि संबंधित मुकदमे के मामले की गुहार लगाने वालों की संख्या सबसे अधिक रही. इस दौरान उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे थाना क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद स्थापित करें, विशेषकर उन लोगों से जो अपनी फरियाद लेकर जिला मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते हैं. एसपी ने कहा कि वरीय अधिकारियों का कर्तव्य है कि वे स्वयं लोगों के बीच जाकर मामलों का त्वरित निष्पादन करें. उन्होंने आगामी ईद पर्व के मद्देनजर ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए. एसपी स्वर्ण प्राभात ने समाज में फैल रहे सूखा नशा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि 15-16 साल के युवा तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं. जिस उम्र में बच्चों का भविष्य बनना चाहिए, उस उम्र में वे नशे के शिकार हो रहे हैं. थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे सूखे नशे के कारोबार पर नकेल कसें और नई पीढ़ी को इस दलदल से बचाएं.
मोतिहारी के पिपरकोठी थाना परिसर में SP ने लगाया जनता दरबार, सुनी फरीदाबाद