- बिहार के घूसखोर DAO साहब के पास करोड़ो के हीरे-जेवरात, बैंक लॉकर ने खोले राज
- बरामद आभूषण में लगभग 57.66 लाख रुपये मूल्य का 447 ग्राम सोना, लगभग 44.15 लाख रुपये मूल्य का 11.50 ग्राम हीरा और लगभग 4.78 लाख रुपये मूल्य के 2.36 किलोग्राम चांदी शामिल हैं।
- सुधीर कुमार को 19 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था।
पटना: घूस लेते करीब एक महीने पहले गिरफ्तार हुए मुजफ्फरपुर के तत्कालीन जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक (आत्मा) सुधीर कुमार के बैंक लॉकर से एक करोड़ से अधिक मूल्य के हीरे-जेवरात बरामद हुए हैं। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 30 जनवरी को लॉकर की तलाशी ली थी। सोमवार को इसका खुलासा किया है। बरामद आभूषण में लगभग 57.66 लाख रुपये मूल्य का 447 ग्राम सोना, लगभग 44.15 लाख रुपये मूल्य का 11.50 ग्राम हीरा और लगभग 4.78 लाख रुपये मूल्य के 2.36 किलोग्राम चांदी शामिल हैं। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को बताया कि मुख्यालय टीम ने तीन जनवरी को सुधीर कुमार को 19 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी निगरानी थाना कांड संख्या 03/26 के तहत की गयी थी। घूस लेते गिरफ्तार किए जाने के बाद तत्कालीन जिला कृषि पदाधिकारी के पटना स्थित आवास की भी तलाशी ली गई। वहां से 14 लाख रुपये नकद, निवेश से जुड़े कई दस्तावेज और बैंक पासबुक आदि बरामद किये गये थे। बताया जाता है कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी अभियान में यह एक बड़ी सफलता है । जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर के तत्कालीन जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा), सुधीर कुमार के बैंक लॉकर की तलाशी के दौरान 1,06,60,097 रुपये (एक करोड़ छह लाख साठ हजार संतानबे रुपये) मूल्य के कीमती आभूषण बरामद किए हैं । यह कार्रवाई पटना के खजपुरा स्थित इंडियन बैंक की शाखा में संचालित लॉकर संख्या 537 पर की गई, जो अभियुक्त और उनकी पत्नी के नाम पर दर्ज है ।
- रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए थे अधिकारी
यह पूरा मामला 2 जनवरी 2026 को दर्ज प्राथमिकी (कांड सं0-03/26) से जुड़ा है । इसी क्रम में 3 जनवरी 2026 को निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने सुधीर कुमार को 19,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था । गिरफ्तारी के तुरंत बाद उनके पटना स्थित आवास की तलाशी ली गई थी, जहाँ से 14 लाख रुपये नकद, निवेश के दस्तावेज और बैंक पासबुक बरामद किए गए थे, जिसके बाद इस बैंक लॉकर का सुराग मिला ।
- रिमांड पर लेकर लॉकर का सत्यापन हुआ
तलाशी के दौरान ही पता चला कि इंडियन बैंक की खाजपुरा शाखा (बिहार वेटनरी कॉलेज, पटना-14 परिसर) में अभियुक्त और उनकी पत्नी के नाम से एक लॉकर संचालित है। इसके बाद अनुसंधान के क्रम में लॉकर का सत्यापन कराया गया। न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर अभियुक्त को रिमांड पर लिया गया और पुलिस उपाधीक्षक मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष तलाशी दल का गठन किया गया।
- शिकायत दर्ज कराने हेतु संपर्क सूत्र
भ्रष्टाचार की शिकायत करने के लिए नागरिक निगरानी ब्यूरो के लैंडलाइन नंबर 0612-2215030, हेल्पलाइन नंबर 0612-2215344, या मोबाइल नंबर 7765953261 पर संपर्क कर सकते हैं । इसके अतिरिक्त व्हाट्सएप नंबर 9473494167 और ईमेल spvig-bih@nic.in पर भी जानकारी दी जा सकती है । ब्यूरो का कार्यालय 6 सर्कुलर रोड, पटना में स्थित है।