- रक्सौल में दारोगा अभ्यर्थी ने की आत्महत्या,परिजन ने प्रेम-प्रसंग को बताया कारण, गुवाहाटी में SSB में तैनात है पिता
रक्सौल: नगर के वार्ड संख्या-9 में बिहार दरोगा की तैयारी कर रहे युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान परमेश्वर प्रसाद गुप्ता के बेटा अजय कुमार के रूप में हुई है। अजय कुमार रक्सौल में रहकर बिहार पुलिस दरोगा की तैयारी कर रहा था। उसके पिता एसएसबी जवान हैं और वर्तमान में असम के गुवाहाटी में तैनात हैं।अजय की मां मुन्नी देवी भी लगभग एक माह पहले गुवाहाटी गई हुई थीं। घर में अजय अपने छोटे भाई के साथ रहता था।घटना का खुलासा आज सुबह हुआ जब अजय के छोटे भाई ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुलने पर उसने खिड़की से झांककर देखा, जहां अजय पंखे से लटका हुआ मिला। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
- भाई ने फांसी से लटका देखा शव
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के चाचा ने बताया कि अजय और उसका छोटा भाई ही घर में रहकर पढ़ाई करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि कल अजय के छोटे भाई की स्नातक की परीक्षा थी, जिसके लिए वह बाहर गया हुआ था। परीक्षा से लौटने पर उसने अपने भाई को फांसी पर लटका देखा।
- प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या करने की आशंका
परिजनों के अनुसार, आत्महत्या का कारण प्रेम प्रसंग हो सकता है। मृतक के चाचा ने बताया कि प्रथम दृष्टया पढ़ाई के दबाव की बात सामने नहीं आई है। अजय के मोबाइल फोन की जांच में एक लड़की से बातचीत के साक्ष्य मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि प्रेम संबंधों में तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया होगा।चाचा ने यह भी बताया कि अजय पढ़ाई में अच्छा था और अधिकांश समय घर में रहकर तैयारी करता था। वह ज्यादा सामाजिक नहीं था और पड़ोसियों से भी कम ही मेल-जोल रखता था। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
- जांच के लिए पहुंची एफएसएल की टीम
इस संबंध में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोतिहारी भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सफी अहमद