- मोतिहारी के मिस्कोट साईं मंदिर चोरीकांड का बड़ा खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; गणेश जी का चांदी का मुकुट गलाकर खरीदे जेवर
- चोरी के बाद पहचान मिटाने के लिए चांदी को गलाया, तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई; घटना के बाद एसपी ने गश्ती दल को किया था निलंबित
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी के मिस्कोट मोहल्ला स्थित प्रसिद्ध श्री साईं बाबा मंदिर चोरीकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अनुसंधान में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मंदिर से चोरी किए गए भगवान गणेश के चांदी के मुकुट को आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से गलवा दिया था। इसके बाद उस चांदी से नए जेवर खरीदने का मामला सामने आया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर चोरीकांड में शामिल गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
विजयादशमी की रात मंदिर को बनाया था निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के मिस्कोट मोहल्ला स्थित साईं बाबा मंदिर में विजयादशमी की रात चोरों ने धावा बोला था। चोर मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला काटकर अंदर दाखिल हुए और भगवान गणेश का चांदी का मुकुट समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के समय मंदिर के पुजारी परिसर में ही सो रहे थे। इसके बावजूद उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी थी। घटना के बाद श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश देखा गया था। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए थे। शुरुआती जांच में मंदिर का सीसीटीवी कैमरा करीब डेढ़ महीने से खराब होने की बात सामने आयी थी।
गश्ती में लापरवाही पर एसपी ने लिया था एक्शन
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संबंधित रात्रि गश्ती दल और बाइक गश्ती टीम को निलंबित कर दिया था। मामले के उद्भेदन के लिए विशेष जांच टीम गठित की गई थी। घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए थे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी थी।
चांदी गलाकर जेवर खरीदने का खुलासा
पुलिस अनुसंधान में पता चला कि चोरी के बाद आरोपियों ने चांदी के मुकुट को गलवा दिया, ताकि उसकी पहचान नहीं हो सके। इसके बाद चांदी को खपाने और उससे नए चांदी के जेवर खरीदने की बात सामने आयी। तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चार गिरफ्तार, अन्य कड़ियों की जांच जारी
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब चोरी के सामान की बरामदगी, चांदी गलाने और जेवर खरीदने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इस मामले में गिरोह के दूसरे सहयोगियों की संलिप्तता की आशंका को भी खंगाला जा रहा है। मंदिर चोरीकांड के खुलासे को मोतिहारी पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। हालांकि, गिरफ्तार आरोपियों के नाम, उनकी विस्तृत भूमिका और बरामदगी से संबंधित पूरी जानकारी पुलिस की आधिकारिक विस्तृत विज्ञप्ति के बाद ही स्पष्ट होगी।