मोतिहारी में 125 वांछित अपराधियों पर 6.54 लाख रुपये का इनाम घोषित, सात दिनों में सरेंडर नहीं किया तो होगी कुर्की

  • पूर्वी चंपारण में 125 वांछित अपराधियों पर 6.54 लाख रुपये का इनाम घोषित, सात दिनों में सरेंडर नहीं किया तो होगी कुर्की
  • हत्या, लूट, डकैती, शराब-तस्करी, हथियार और नशे के कारोबार से जुड़े आरोपितों पर पुलिस का शिकंजा; इनामी सूची में सुगौली के भी अपराधी शामिल

मोतिहारी, पू.च.। पूर्वी चंपारण में फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी की है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले के कुल 125 वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध इनाम की घोषणा की गयी है। इन सभी पर कुल 6 लाख 54 हजार रुपये का इनाम निर्धारित किया गया है। पुलिस ने इन अभियुक्तों को सात दिनों के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का समय दिया है। निर्धारित अवधि में सरेंडर नहीं करने पर उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जायेगी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 31 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इनामी सूची में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अपहरण, दहेज हत्या, दुष्कर्म, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, शराब और स्पिरिट तस्करी जैसे गंभीर मामलों के आरोपित शामिल हैं। इसके अलावा खाद तस्करी, रंगदारी, चोरी, गृहभेदन, सरकारी राशि का गबन, न्यायिक हिरासत से फरार होने और जातीय व धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोपितों को भी सूची में शामिल किया गया है। इनामी राशि अपराधियों के नाम और उनके कांडों के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गयी है। सूची में सर्वाधिक 25 हजार रुपये के इनाम वाले अभियुक्त भी शामिल हैं, जबकि सबसे कम इनाम की राशि दो हजार रुपये रखी गयी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी 125 वांछित अभियुक्तों को सात दिनों के अंदर न्यायालय में आत्मसमर्पण करना होगा। ऐसा नहीं करने पर कुर्की की कार्रवाई की जायेगी।

इन मामलों में सर्वाधिक आरोपित

पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 125 अभियुक्तों में उत्पाद अधिनियम के 32, हत्या के 19, आर्म्स एक्ट के 15, लूट के 14 और एनडीपीएस एक्ट के 10 आरोपित शामिल हैं। इसके अलावा हत्या के प्रयास के छह, अपहरण के पांच, स्पिरिट तस्करी के चार, दुष्कर्म के चार और दहेज हत्या के चार आरोपितों पर इनाम घोषित किया गया है। डकैती के तीन, चोरी के दो और सरकारी राशि के गबन के दो आरोपित भी सूची में हैं। वहीं गृहभेदन, खाद तस्करी, न्यायिक हिरासत से फरारी, रंगदारी तथा जातीय-धार्मिक उन्माद फैलाने के एक-एक आरोपित को भी इसमें शामिल किया गया है।

सुगौली के आरोपित भी सूची में

जारी सूची में सुगौली थाना क्षेत्र के मधुमालती निवासी हरिशंकर पासवान पर न्यायिक हिरासत से फरार होने के मामले में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इसके अलावा सुगौली थाना क्षेत्र के अन्य आरोपित भी इनामी सूची में शामिल हैं।

सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

पुलिस ने आम लोगों से फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी वांछित अभियुक्त के संबंध में सूचना पुलिस अधीक्षक के मोबाइल नंबर 9031827100 पर दी जा सकती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जायेगी। सही सूचना देने वाले को घोषित इनाम की राशि भी दी जायेगी। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने और लंबित आपराधिक मामलों में गिरफ्तारी तेज करने की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है।मोतिहारी पुलिस ईनामी लिस्ट…-1

Leave a Comment