गोपालगंज में भीषण अग्निकांड, गैराज में खड़ी 20 से अधिक कारें जलकर राख, 25 लाख की संपत्ति स्वाहा

  • गोपालगंज में भीषण अग्निकांड, गैराज में खड़ी 20 से अधिक कारें जलकर राख, 25 लाख की संपत्ति स्वाहा
  • बंजारी मोड़ स्थित गोपाल मोटर गैराज में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मोबाइल टावर कंपनी की दो मशीनें भी जलीं, कई दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

गोपालगंज। जिले के बंजारी मोड़ स्थित गोपाल मोटर गैराज में शुक्रवार को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और गैराज में मरम्मत के लिए खड़ी 20 से अधिक कारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में सभी गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, मोबाइल टावर कंपनी की दो मशीनें भी जलकर राख हो गईं। घटना में करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर गैराज में अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। गैराज मालिक गोपाल केडिया के मुताबिक, अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। जब तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाता, तब तक आग की लपटें पूरे गैराज में फैल चुकी थीं। देखते ही देखते गैराज में मरम्मत के लिए खड़ी एक के बाद एक कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं।

आग की लपटें देख मची अफरातफरी, आसपास के लोग सहमे

बंजारी मोड़ जैसे रिहायशी इलाके में गैराज के अंदर लगी आग से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं देखकर लोग दहशत में आ गए। आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आसपास की दुकानों और मकानों तक लपटें पहुंचने की आशंका बढ़ गई थी। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया।

हथुआ से भी बुलानी पड़ी दमकल की गाड़ियां

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए हथुआ अनुमंडल से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। अलग-अलग थानों की अग्निशमन टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। गोपालगंज के अग्निशमन पदाधिकारी प्रेमचंद राम ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग बुझाने के लिए सभी थानों से दमकल की गाड़ियां भेजी गई थीं। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। इस अग्निकांड में 20 से अधिक कारों और मोबाइल टावर कंपनी की दो मशीनों के जलने से भारी नुकसान हुआ है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का विस्तृत आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Comment