- दूध के केन में नशे का काला कारोबार! 54 लीटर नेपाली शराब और 509 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद, तस्कर फरार
- महुआवा पुलिस की गश्ती में खुला तस्करी का अनोखा खेल, दूध के बर्तन में शराब की 180 बोतलें छिपाकर ले जाने की थी तैयारी; बाइक जब्त, रजिस्ट्रेशन नंबर से तस्कर की तलाश
छौड़ादानो, पू.च.।(राजेश कुमार सिंह)। दूध के नाम पर केन में नशे की खेप और ऊपर से तस्करी का ऐसा जुगाड़ कि पहली नजर में किसी को शक तक नहीं हो! लेकिन तस्करों की यह चाल महुआवा पुलिस की सतर्कता के सामने काम नहीं आयी। शुक्रवार को पुलिस की गश्ती के दौरान धर्मनगर गांव से सैनिक रोड जाने वाली सड़क पर दूध के केन में छिपाकर रखी गयी नेपाली शराब और चरस जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से 54 लीटर नेपाली कस्तूरी शराब, 509 ग्राम चरस जैसा पदार्थ और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। हालांकि, पुलिस को देखते ही बाइक सवार तस्कर अंधेरे और आसपास के सरेह का फायदा उठाकर फरार हो गया।
दूध के केन में छिपा रखी थी नशे की खेप
तस्करी के इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात शराब और मादक पदार्थ को छिपाने का तरीका है। तस्करों ने दूध ढोने वाले बड़े केन को ही नशे की खेप पहुंचाने का जरिया बना लिया था। केन के अंदर दूध की जगह नेपाली शराब की बोतलें रखी गयी थीं। इतना ही नहीं, शराब की बोतलों के नीचे 509 ग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ भी छिपाकर रखा गया था। बाहर से देखने पर केन सामान्य दूध ढोने वाले बर्तन की तरह दिखाई दे रहे थे। तस्करों को शायद उम्मीद थी कि इस तरीके से पुलिस की नजरों से बचकर नशे की खेप आसानी से ठिकाने तक पहुंचा दी जायेगी।
पुलिस की नजर पड़ी तो बाइक छोड़कर भागा तस्कर
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को महुआवा थाने की गश्ती टीम धर्मनगर गांव से सैनिक रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर निकली थी। इसी दौरान पुल के समीप पक्की सड़क पर एक मोटरसाइकिल संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। बाइक पर दूध के केन लदे हुए थे। पुलिस को स्थिति संदिग्ध लगी तो जवानों ने बाइक और केन की जांच शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस की मौजूदगी भांपकर मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति अंधेरे और आसपास फैले सरेह का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।
पुलिस ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका। इसके बाद बाइक पर लदे केन की तलाशी ली गयी तो तस्करी के इस पूरे खेल का खुलासा हुआ। केन से 300 एमएल की 180 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 54 लीटर बतायी गयी है। इसके साथ ही 509 ग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ भी बरामद किया गया।
बाइक के नंबर से खुलेगा तस्करी के नेटवर्क का राज
महुआवा पुलिस ने बरामद शराब, मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि जब्त मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार आरोपित की पहचान की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि दूध के केन में छिपाकर रखी गयी शराब और मादक पदार्थ कहां से लाये गये थे और इन्हें किस ठिकाने तक पहुंचाया जाना था। क्या इसके पीछे कोई संगठित तस्करी गिरोह काम कर रहा है या कोई स्थानीय तस्कर इस धंधे में शामिल है, इसकी भी जांच की जा रही है।
सीमा क्षेत्र में तस्करों के नए-नए हथकंडे
भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाके में शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकना पुलिस के लिए लगातार चुनौती बना हुआ है। तस्कर पुलिस की निगरानी से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। कभी वाहनों में तो कभी रोजमर्रा के सामान की आड़ में नशे की खेप ले जाने की कोशिश की जाती है। दूध के केन में शराब और चरस जैसा पदार्थ छिपाकर ले जाने का यह मामला भी तस्करों के नए हथकंडे को उजागर करता है। हालांकि, इस कार्रवाई में खेप तो पुलिस के हाथ लग गयी, लेकिन तस्कर फरार होने में सफल रहा। अब देखना है कि पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के सहारे फरार तस्कर तक कब पहुंचती है और इस खेप के पीछे सक्रिय नेटवर्क का कितना खुलासा कर पाती है।