- शराब मामले से जुड़े युवक के साथ थानाध्यक्ष की तस्वीर वायरल, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
मोतिहारी। पिपरा थाना क्षेत्र से जुड़ी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर में पिपरा थानाध्यक्ष एक युवक को केक खिलाते हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। तस्वीर में दिख रहे युवक को कुछ लोग बिट्टू कुमार बता रहे हैं और उसके शराब से संबंधित एक मामले में गोपालगंज के उत्पाद थाने में आरोपी होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल तस्वीर की तारीख, स्थान, अवसर और तस्वीर में दिख रहे युवक की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि न्यूज प्राइम इंडिया नही करता है। तस्वीर सामने आने के बाद सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर है कि यदि तस्वीर में मौजूद युवक, जिसका नाम शराब से जुड़े किसी मामले में सामने आ चुका है, तो थानाध्यक्ष और उक्त युवक की मुलाकात किस संदर्भ में हुई थी। क्या तस्वीर किसी निजी अथवा सामाजिक अवसर की है, या इसके पीछे कोई आधिकारिक अथवा अन्य कारण है—यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। शराबबंदी बिहार सरकार की महत्वपूर्ण नीतियों में शामिल है और शराब से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई लगातार सुर्खियों में रहती है। ऐसे में थाना स्तर के अधिकारी की किसी ऐसे व्यक्ति के साथ तस्वीर सामने आना, जिसके संबंध में शराब मामले का दावा किया जा रहा हो, निश्चित रूप से पुलिस की कार्यशैली और पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े करता है। स्थानीय स्तर पर वायरल तस्वीर को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। अब सवाल यह है कि यदि युवक शराब से जुड़े मामले में आरोपित है तो उसकी थानाध्यक्ष से उससे मुलाकात किस संदर्भ में हुई? इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने की जरूरत है। वायरल तस्वीर की सत्यता और उसके संदर्भ की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा जारी है।
