- पुलिस अभिरक्षा से संदिग्ध फरार, होमगार्ड जवान पर ईंट से हमला
- शौच जाने के बहाने निकला युवक, जवान को घायल कर भागने की चर्चा; तलाश में छापेमारी, डीएसपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
छौड़ादानो/राजेश कुमार सिंह। दरपा थाना पुलिस की अभिरक्षा से एक संदिग्ध युवक के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार सुबह की बतायी जा रही है। तिनकोनी गांव के पूर्वारी टोला निवासी नन्हक सिंह के पुत्र विकास सिंह को पुलिस ने रविवार की देर रात संदिग्ध परिस्थिति में बाइक के साथ हिरासत में लिया था। रात्रि गश्ती दल उसे पूछताछ के लिए थाना लेकर आया था। बताया जाता है कि सोमवार सुबह विकास सिंह ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान से शौच जाने की बात कही। शौच के लिए ले जाने के दौरान उसने कथित रूप से ईंट से जवान पर हमला कर उसे घायल कर दिया और हथकड़ी समेत फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना परिसर में अफरातफरी मच गयी। पुलिस ने फरार युवक की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार, जिस बाइक के साथ युवक को हिरासत में लिया गया था, वह अभी भी थाना परिसर में खड़ी है। ऐसे में उसके पैदल फरार होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, घटना के संबंध में दरपा थाना पुलिस की ओर से अब तक अधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है। मामले में दरपा थानाध्यक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके द्वारा सरकारी मोबाइल फोन रिसीव नहीं किए जाने के कारण पक्ष नहीं मिल सका। इधर, रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद ने घटना की सूचना मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वह विभागीय कार्य से जिला मुख्यालय में हैं। पूरे मामले की जांच करायी जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है कि पुलिस अभिरक्षा में मौजूद संदिग्ध युवक हथकड़ी समेत होमगार्ड जवान पर हमला कर आखिर कैसे फरार हो गया। अब पुलिस के सामने फरार युवक को पकड़ने के साथ-साथ अभिरक्षा के दौरान हुई कथित चूक की भी पड़ताल की चुनौती है।
