- हरसिद्धि में पारिवारिक कलह के बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, चार माह की मासूम को छोड़ गई रिंकी
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के मठ लोहियार वार्ड नंबर-11 में बुधवार की रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पालनवा थाना क्षेत्र के डैनी टोला निवासी राजकुमार पटेल की पुत्री रिंकी देवी के रूप में हुई है। करीब एक वर्ष पहले ही रिंकी की शादी मठ लोहियार निवासी विक्की पटेल के साथ हुई थी। उसकी चार माह की मासूम बेटी है। मां की मौत के बाद अब यह बच्ची ममता के साये से महरूम हो गई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार को रिंकी अपने पति से सोने का हार खरीदने की जिद कर रही थी। इसी बीच घर में पक्का मकान बनाने के लिए बालू गिराए जाने को लेकर भी दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि रिंकी इस बात से नाराज थी कि उसके लिए रुपये नहीं होने की बात कही जा रही थी, जबकि मकान निर्माण के लिए रुपये खर्च किए जा रहे थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हुई। बताया जाता है कि विवाद के बाद दोनों ने खाना खाया और अपनी चार माह की बेटी के साथ एक ही बेड पर सो गए। देर रात जब परिवार के सभी लोग सो गए, तब रिंकी कथित रूप से पीछे का दरवाजा खोलकर घर से बाहर निकल गई। कुछ देर बाद बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पति विक्की की नींद खुली। बिस्तर पर रिंकी को नहीं देख वह घबरा गया और बच्ची को लेकर पत्नी की तलाश में निकल पड़ा। घर के आसपास और बाथरूम सहित कई जगहों पर खोजबीन की गई। इसी दौरान घर के पीछे का दरवाजा खुला मिला। जब विक्की पीछे पहुंचा तो पेड़ से रिंकी को फंदे से लटका देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने पुलिस पदाधिकारी अक्षय कुमार को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। रिंकी की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके से मां, मौसी समेत अन्य परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक नवविवाहिता अपनी चार माह की बच्ची के साथ थी, वहीं अब मातम पसरा हुआ था। सबसे दर्दनाक तस्वीर चार माह की उस मासूम बच्ची की रही, जो मां की मौत से पूरी तरह अनजान है। जिस मां की गोद में उसे सुरक्षित भविष्य की शुरुआत करनी थी, उसी मां का साया अब हमेशा के लिए उठ चुका है। इधर, घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की ओर से अभी तक थाने में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, मामले की वैज्ञानिक पद्धति से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है। मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।