- मोतिहारी में वज्रपात का कहर: खेत में गिरी आकाशीय बिजली, युवक मदन राय की मौत, गांव में मातम
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को आकाशीय बिजली ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। रामकरण पकड़ी गांव के सरेह में वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान रामकरण पकड़ी निवासी मदन राय के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुरुवार को वह गांव के सरेह में किसी कार्य से गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली। तेज गर्जना और चमक के बीच आकाशीय बिजली सीधे उस स्थान पर गिरी, जहां मदन राय मौजूद थे। बिजली गिरते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। घटना की सूचना मिलने के बाद चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम सहित अन्य औपचारिकताओं की कार्रवाई की जा रही है। मदन राय की असामयिक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और आपदा राहत योजना के तहत मुआवजा दिए जाने की मांग की है। गौरतलब है कि मानसून के दौरान बिहार में लगातार वज्रपात की घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग भी लोगों से खराब मौसम और आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे नहीं रहने की अपील करता रहा है। इसके बावजूद हर वर्ष वज्रपात से कई लोगों की जान चली जाती है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खराब मौसम के दौरान थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। रामकरण पकड़ी गांव में हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
