ड्यूटी के दौरान थम गई एक जांबाज़ पुलिसकर्मी की सांस, हरसिद्धि थाने के सब इंस्पेक्टर त्रिवेणी राम का हार्ट अटैक से निधन

  • ड्यूटी के दौरान थम गई एक जांबाज़ पुलिसकर्मी की सांस, हरसिद्धि थाने के सब इंस्पेक्टर त्रिवेणी राम का हार्ट अटैक से निधन

हरसिद्धि/मोतिहारी। पूर्वी चंपारण पुलिस महकमे के लिए सोमवार की रात बेहद दुखद साबित हुई। हरसिद्धि थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर त्रिवेणी राम (58 वर्ष) का अचानक हार्ट अटैक आने के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया। कर्तव्य के प्रति समर्पित और अनुशासित माने जाने वाले त्रिवेणी राम की असामयिक मौत की खबर मिलते ही पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे पुलिस परिवार की अपूरणीय क्षति बताया। जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम करीब सात बजे त्रिवेणी राम ने हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार को फोन कर सांस लेने में गंभीर तकलीफ होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस अधिकारियों के साथ उनके आवास पहुंचे। उनकी हालत लगातार बिगड़ती देख तत्काल हरसिद्धि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मोतिहारी सदर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मी सदर अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुलिस लाइन, मोतिहारी में दिवंगत अधिकारी को पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। अधिकारियों और जवानों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव रवाना किया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि त्रिवेणी राम एक कर्मठ, ईमानदार, अनुशासित और जिम्मेदार पुलिस अधिकारी थे। उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया। उनका व्यवहार सहकर्मियों और आम लोगों के प्रति हमेशा सौम्य रहा, जिसके कारण वे सभी के बीच सम्मानित थे। त्रिवेणी राम के निधन से न केवल हरसिद्धि थाना बल्कि पूरे पूर्वी चंपारण पुलिस परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग ने एक अनुभवी, समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को खो दिया है, जिसकी भरपाई कर पाना आसान नहीं होगा। उनके निधन से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है और हर कोई उन्हें नम आंखों से याद कर रहा है।

Leave a Comment