हरियाणा से बिहार तक फैला शराब सिंडिकेट ध्वस्त, मधुबन पुलिस ने दबोचे दो बड़े सरगना

  • हरियाणा से बिहार तक फैला शराब सिंडिकेट ध्वस्त, मधुबन पुलिस ने दबोचे दो बड़े सरगना

मोतिहारी: एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पूर्वी चंपारण पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मधुबन थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गैंग के दो मुख्य सरगनाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना कुशवाहा उर्फ मुन्ना भगत और नरेश कुशवाहा उर्फ नरेंद्र भगत के रूप में हुई है। दोनों पर लंबे समय से संगठित तरीके से शराब तस्करी का नेटवर्क चलाने का आरोप है। मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर मधुबन एवं शिवहर बॉर्डर के समीप बंजरिया गांव में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अंग्रेजी शराब की 250 कार्टन खेप बरामद की, जिसकी कुल मात्रा करीब 2160 लीटर बताई गई है। इस मामले में मधुबन थाना कांड संख्या 195/26 दर्ज किया गया। प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस ने बंजरिया निवासी शम्भू सहनी के पुत्र विधानन्द सहनी, शम्भू राय के पुत्र अमरेंद्र कुमार उर्फ छोटू राय तथा कृष्णा नगर निवासी बिंदा पटेल के पुत्र अनिरुद्ध पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। इसके बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क की परतें खोलनी शुरू कर दीं। जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी हरियाणा से ट्रकों के जरिए शराब मंगवाते थे और फिर पूर्वी चंपारण समेत आसपास के इलाकों में छोटे कारोबारियों तक इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय संगठित शराब तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा है। इसी क्रम में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य शराब कारोबारी मुन्ना कुशवाहा उर्फ मुन्ना भगत और नरेश कुशवाहा उर्फ नरेंद्र भगत को गिरफ्तार कर लिया। मुन्ना कुशवाहा गडहिया थाना क्षेत्र के सिरौली गांव का निवासी है, जबकि नरेश कुशवाहा पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के मझार गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है। मुन्ना कुशवाहा पर मधुबन, गढ़िया बाजार और अमनौर थाना में उत्पाद अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं। वहीं नरेश कुशवाहा पर पकड़ीदयाल एवं मधुबन थाना में शराब तस्करी से जुड़े कई केस पहले से दर्ज बताए गए हैं। पूरे ऑपरेशन में मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पाण्डेय, पुलिस पदाधिकारी अमरजीत कुमार, आदित्य कुमार तथा सशस्त्र बल की टीम की अहम भूमिका रही। पूर्वी चंपारण पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Comment