- बेतिया में बड़ी वारदात से हड़कंप, योगापट्टी में ज्वेलरी दुकानदार से पीछा कर दिनदहाड़े लूट, विरोध करने पर पुलिस पर हमला, एक गिरफ्तार
बेतिया / योगापट्टी: योगापट्टी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। 24/05/26 की रात करीब 8:30 बजे ज्वेलरी दुकानदार मोहन सोनी (पिता– शंभू साह) अपनी दुकान बंद कर फतेहपुर चौक से मच्छरगावां स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उनका पीछा किया और गाली-गलौज करते हुए रुकने का प्रयास किया। भय और दहशत के कारण व्यवसायी बाइक सहित गिर पड़े। इसी का फायदा उठाकर अपराधियों ने उनके बाइक पर टंगा झोला, जिसमें नगदी और गहने रखे थे, छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद योगापट्टी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लेकिन जांच के दौरान पुलिस जब एक पूर्व अपराधी के घर तलाशी के लिए पहुंची तो परिजनों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए हाथापाई कर दी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं लूटकांड को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन कर दिया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की जा रही है तथा पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है।