आदापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी कागजात बनाकर नेपाल भेजी जा रही थीं चोरी की बाइक

  • आदापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी कागजात बनाकर नेपाल भेजी जा रही थीं चोरी की बाइक

आदापुर: भारत-नेपाल सीमा से सटे पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह बिहार से बाइक चोरी कर नंबर प्लेट बदलने, फर्जी कागजात तैयार करने और चेचिस नंबर में टेंपरिंग कर नेपाल में बेचने का धंधा करता था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार आदापुर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी को गुप्त सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा स्थित मटिअरवा बॉर्डर के रास्ते चोरी की बाइक नेपाल ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बॉर्डर के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान दो सुपर स्प्लेंडर बाइक को रोका गया, जिनका रजिस्ट्रेशन नंबर BR 05R 3479 और BR 05R 5111 था। पुलिस ने जब HHD मशीन से बाइक की जांच की तो रजिस्ट्रेशन नंबर और चेचिस नंबर में अंतर पाया गया। संदेह होने पर पुलिस ने दोनों बाइक चालकों रंजन कुमार साह तेली और आनंद कुमार साह तेली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों नेपाल के बारा जिले के मटिअरवा गांव के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ये बाइक आदापुर थाना क्षेत्र के बेलदरवा निवासी ह्रदेश कुमार जायसवाल से 14 हजार नेपाली रुपये में खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए बेलदरवा गांव में छापेमारी कर ह्रदेश कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि बाइक उसे आदापुर थाना क्षेत्र के लाल छपरा निवासी अजय कुमार उर्फ हरिओम कुमार ने बिक्री के लिए दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अजय उर्फ हरिओम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिहार के अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइक की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी, फर्जी कागजात तैयार किए जाते थे और चेचिस नंबर में टेंपरिंग कर उसे नेपाल में बेच दिया जाता था। पुलिस का मानना है कि गिरोह लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय था और सीमावर्ती क्षेत्रों में चोरी की गाड़ियों की सप्लाई करता था। पुलिस ने दोनों संदिग्ध बाइक को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य बाइक के नेटवर्क की भी जांच में जुट गई है। सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच आदापुर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमा पार चोरी की बाइक की तस्करी लंबे समय से चल रही थी, लेकिन पहली बार इतने बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में सीमा क्षेत्र में वाहन जांच और सख्त की जाएगी ताकि इस तरह के गिरोहों पर पूरी तरह शिकंजा कसा जा सके।

Leave a Comment