- मोतिहारी में सड़क पर चलती गाड़ियों से पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली पर सख्त कार्रवाई का आदेश, रंगदारी मानते हुए दर्ज होगी प्राथमिकी
मोतिहारी: पूर्वी चम्पारण जिले में सड़क पर चलती गाड़ियों से पार्किंग शुल्क अथवा नगर निकाय/जिला परिषद के टेंडर का हवाला देकर की जा रही अवैध वसूली के मामलों को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़ा और स्पष्ट रुख अपनाया है। प्रशासन ने साफ निर्देश जारी किए हैं कि इस प्रकार की किसी भी वसूली को पूर्णतः अवैध माना जाएगा और इसे सीधे तौर पर रंगदारी की श्रेणी में रखते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जारी निर्देशों में सभी संबंधित पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि ऐसे मामलों में बिना किसी देरी के प्राथमिकी दर्ज हो, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए तथा उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी थाना क्षेत्रों एवं अनुमंडलों में सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
इसी क्रम में चकिया अनुमंडल पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर परिषद क्षेत्र के बाइपास चौक के समीप वाहनों को रोककर अवैध रूप से पार्किंग शुल्क की वसूली कर रहे तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति में की गई। गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से वसूली की पर्चियाँ तथा नगर परिषद की 27 रसीदें बरामद की गई हैं, जिनकी वैधता की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित तरीके से अवैध वसूली से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जिसे गंभीरता से लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान हो सके।
जिला प्रशासन, पूर्वी चम्पारण ने आमजन से स्पष्ट अपील की है कि यदि सड़क पर कोई व्यक्ति वाहन रोककर पार्किंग शुल्क या किसी भी प्रकार की अवैध राशि की मांग करता है तो बिना देरी किए 112 नंबर पर कॉल करें या नजदीकी थाना/पुलिस को सूचित करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
