- सुगौली पजिअरवा कांड का मुख्य आरोपी शेख साहिल छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार, मोतिहारी में पूछताछ से होंगे बड़े खुलासे
मोतिहारी। सुगौली थाना क्षेत्र के पजिअरवा कांड संख्या 175/26 में नामजद मुख्य आरोपी शेख साहिल को पुलिस ने छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले को लेकर पिछले कई दिनों से इलाके में भारी तनाव, आक्रोश और चर्चाओं का दौर लगातार जारी था। युवती के कथित अपहरण के बाद स्थानीय लोगों में गहरा रोष देखा जा रहा था और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बनाया था।
बताया जाता है कि आरोपी शेख साहिल घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा देने के लिए राज्य बदल-बदल कर ठिकाना बदल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने इसे प्राथमिकता में रखते हुए विशेष टीम का गठन किया और हर स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई। तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और लगातार गुप्त छापेमारी के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल हुई।
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन छत्तीसगढ़ में मिली, जिसके बाद मोतिहारी पुलिस ने वहां की स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। घंटों की घेराबंदी और सटीक सूचना के आधार पर आखिरकार शेख साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, क्योंकि आरोपी लंबे समय से गिरफ्त से बाहर था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोतिहारी की स्थानीय टीम जल्द ही छत्तीसगढ़ रवाना होगी और आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर वापस लाई जाएगी। यहां लाकर उससे पूरे मामले में गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना से जुड़े हर पहलू का खुलासा हो सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा आरोपी को फरार रहने में किसने मदद पहुंचाई।
इस गिरफ्तारी के बाद सुगौली और आसपास के इलाकों में हलचल तेज हो गई है। लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर चर्चा गर्म है। कई सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न न हो। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पूछताछ में और कौन से बड़े खुलासे सामने आते हैं।