ढाका में पुलिस की कार्रवाई में दो दवा कारोबारी गिरफ्तार, 32 कफ सिरप और 174 नशीली टैबलेट बरामद

  • ढाका में पुलिस की कार्रवाई में दो दवा कारोबारी गिरफ्तार, 32 कफ सिरप और 174 नशीली टैबलेट बरामद

 

ढाका: थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क पर सीधा प्रहार किया है। थानाध्यक्ष राजरूप राय के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में दो दवा कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शितलपट्टी निवासी बिगू साह के पुत्र रविकिशन कुमार और ढाका निवासी हरिशंकर प्रसाद के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 32 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप और 174 पीस नशीली टैबलेट बरामद की है, जो अवैध रूप से बेची जा रही थीं।
चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी दीपक कुमार का ढाका के गुदरी बाजार में “बिंदा बाबू मेडिकल स्टोर” के नाम से बड़ा दवा प्रतिष्ठान संचालित होता है। आशंका जताई जा रही है कि इसी दुकान की आड़ में लंबे समय से नशीली दवाओं का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था और युवाओं तक इसकी सप्लाई की जा रही थी।
पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और सप्लाई चेन कहां तक फैली हुई है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में साफ संदेश गया है कि अब नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सख्त रुख अपनाए हुए है और किसी भी हाल में इस धंधे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment